संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। ऐतिहासिक गुरद्वारा साहिब कड़ुआना में संत बाबा सुंदर सिंह की याद में आयोजित गुरमत समागम के तीसरे दिन दूसरा दीवान सजाया गया। इस अवसर पर तरनतारन के ज्ञानी गुरकीरत सिंह, लुधियाना के टाडी मनदीप सिंह व नवांशहर के बीबी किरणजोत कौर खालसा की मंडली ने शबद कीर्तन किया। कीर्तन मंडली ने सिक्खों के दसवें गुरु गोविंद सिंह महाराज की जीवनी पर आधारित अनेक प्रसंग भजनों के माध्यम से सुनाकर संगत को निहाल किया। मुख्य प्रबंधक सरदार हरभजन सिंह ने बताया कि 30 मार्च तक गुरुद्वारा साहिब परिसर में अटूट लंगर जारी रहेगा। रविवार को भी कीर्तन दरबार लगेगा और दोपहर बाद चार दिवसीय कार्यक्रम कीर्तन की समाप्ति होगी। इस अवसर पर दून के पूर्व विधायक परमजीत सिंह पम्मी, कमेटी के कोषाध्यक्ष महिमा चौधरी,भाग सिंह चौधरी, अमर सिंह ठेकेदार, गुरमैल सिंह, संपूर्ण सिंह, अजमेर सिंह, रणजीत सिंह लादी, सोहन सिंह व कमेटी के समस्त सदस्य मौजूद रहे।