ओच्छघाट के ज्वाला माता मंदिर में भागवत पुराण कथा
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। सोलन की ग्राम पंचायत ओच्छघाट के ज्वाला माता मंदिर में श्रीमद्भागवत पुराण कथा का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें कथावाचक अनंत विभूषित मज्जगदगुरू शंकराचार्य स्वामी श्री ज्ञानानंद तीर्थ ज्योतिर्मठ अवांतर भानपुरा पीठ, मध्य प्रदेश के हैं। रविवार को स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धनीराम शांडिल ने भी उनके प्रवचन सुने।
उन्होंने इस अवसर पर ज्वाला माता मंदिर में पूजा-अर्चना की और सभी प्रदेशवासियों के सुखी एवं स्वस्थ जीवन की कामना की। डॉ. शांडिल ने कहा कि हमारी संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोच्च है और गुरु द्वारा प्रदत्त शिक्षा के माध्यम से ही शिष्य ऊंचाइयां प्राप्त करता है। उन्होंने कहा कि समाज के निर्माण में संतों की अहम भूमिका है और संतों का मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद उज्जवल भविष्य की नींव है। उन्होंने आशा जताई कि क्षेत्रवासी श्रीमद्भागवत कथा के आयोजन से पवित्रता और सकारात्मकता ग्रहण करेंगे। उन्होंने ज्वाला माता मंदिर एवं आश्रम के विभिन्न कार्यों के लिए पांच लाख रुपए प्रदान करने की घोषणा की। इस अवसर पर भव्य कलश यात्रा का आयोजन भी किया गया। इस मौके पर खंड कांग्रेस समिति सोलन के अध्यक्ष संजीव ठाकुर समेत अन्य लोग मौजूद रहे।