पुलिस ने पर्यटक की शिकायत पर गिरफ्तार किया कर्मी
पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी से घड़ी भी की बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। पर्यटक नगरी कसौली के एक गेस्ट हाउस के सफाई कर्मी ने पर्यटक की एक लाख रुपये की घड़ी पर हाथ साफ कर दिया। इसकी शिकायत पर्यटक ने पुलिस को दी। इसके बाद कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सफाई कर्मी को गिरफ्तार कर पूछताछ के दौरान घड़ी भी बरामद कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस जानकारी के अनुसार 11 अप्रैल को गुरतेज सिंह निवासी पंजाब ने थाना कसौली में शिकायत दी कि यह अपने दोस्तों के साथ कसौली घूमने आया था। वह कसौली के किम्मूघाट में एक गेस्ट हाउस में तीन कमरे लेकर रात को वहीं रुके। 12 अप्रैल को उन्होंने दिन में करीब 11:30 बजे गेस्ट हाऊस से चेक आउट किया। जब यह सनवारा टोल प्लाजा के पास पहुंचा तो इसने देखा कि इसके हाथ में इसकी घड़ी नहीं है, जिसके बाद यह अपने दोस्तों के साथ वापिस गेस्ट हाऊस में आया और इसने गेस्ट हाऊस के मालिक से कहा कि इसकी घड़ी कमरे के बाथरूम में रह गई है जो नहाते समय इसने बाथरूम में लगे हैंगर में रखी थी। जिस पर गेस्ट हाऊस के मालिक ने कहा कि चेक आउट के बाद सफाई वाला लड़का अखिलेश ही कमरों में सफाई करने गया था। इसे शक है कि इसकी घड़ी बाथरूम से अखिलेश ने ही चोरी की है। इसने अपनी घड़ी इंग्लैंड से पिछले साल खरीद की थी जो बॉस कंपनी की है, जिसकी कीमत भारतीय करंसी के अनुसार 100000 रुपये है। जिसपर थाना कसौली में चोरी की धाराओं में अभियोग दर्ज किया गया। जांच में आरोपी अखिलेश पुत्र धूखा भैठा निवासी विशमपुर मोतिहार बिहार को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी से चुराई गई घड़ी बरामद कर ली गई है।
उधर, मामले की पुष्टि एसपी सोलन गौरव सिंह ने की है। उन्होंने बताया कि आरोपी के विरुद्ध दर्ज पहले के आपराधिक रिकॉर्ड की पड़ताल की जा रही है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया जा रहा है।