-ग्राऊंड रिपोर्ट-
बीपीएल व सीएम अपना परिवार सुखी परिवार योजना पर चर्चा
बीपीएल सूची में नहीं हुआ फेरबदल, 210 लोगों ने कराई ग्राम सभा में उपस्थिति दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। नालागढ़ की निकटवर्ती ग्राम पंचायत बारियां में ग्राम सभा पंचायत प्रधान शिवकुमार की अध्यक्षता में हुई। इसमें भारी संख्या में महिलाएं एवं पुरुष शामिल हुए। इस दौरान अनेक मुद्दों पर चर्चा की गई। बीपीएल और मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना पर चर्चा की गई। इसके अलावा ग्रामीणों ने एक स्वर में चिट्टे के बढ़ते कारोबार पर चिंता व्यक्त की। इस पर सरकार से लगाम लगाने की अपील की।
ग्राम सभा पूर्वाह्न 11:00 से दोपहर 3:00 बजे तक चली। कोरम पूरा करने के लिए 190 सदस्य चाहिए थे। इसमें 210 लोगों ने भाग लिया। सबसे पहले बीपीएल परिवार के लोगों की सूची पर चर्चा हुई। 2019 में बनी सूची में न कोई नया परिवार जुड़ेगा, न ही किसी को काटा जाएगा। मुख्यमंत्री मेरा परिवार सुखी परिवार योजना के लिए 58 पात्र लोगों को चयनित किया गया।
रोशन लाल ने कहा कि सरकार ने खेड़ा में शराब का ठेका खोल दिया है। विरोध के बावजूद भी बंद नहीं हुआ। पूर्व सदस्य संजय कुमार ने कहा कि पंचायत भवन जर्जर हालत में है और काफी छोटा है। सरकार को नए भवन के लिए बजट का प्रावधान किया जाना चाहिए। टिक्कर पनोह की वार्ड सदस्य रीता देवी ने कहा कि उनके क्षेत्र में चिट्टे का अवैध कारोबार फलफूल रहा है। इससे बच्चों का भविष्य अंधकारमय हो रहा है। इसे बंद करने के लिए पंचायत व सरकार की ओर से ठोस कदम उठाए जाएं। स्वास्थ्य कर्मी इंदु ने नशे के विरुद्ध लोगों को शपथ दिलवाई।
पंचायत प्रधान शिव कुमार ने बताया कि ग्राम सभा में जो भी मुद्दे उठाए गए हैं उनके प्रस्ताव पारित करके सरकार को भेजे जाएंगे। इस मौके पर उपप्रधान धर्मचंद, वार्ड मेंबर बलवंत सिंह ,सुरेंद्र शर्मा, अनिता देवी, सीता देवी, दलेर सिंह, ओमवती आदि उपस्थित रहे।