बद्दी/धर्मपुर(सोलन)। जिला के नालागढ़ और धर्मपुर उपमंडल की 121 ग्राम पंचायतों में पहली ग्राम सभाएं आयोजित की गईं। अधिकतर ग्राम पंचायतों में ग्राम सभा का कोरम पूरा रहा। इस दौरान पंचायतों ने करोड़ों के विकास कार्य के लिए प्रस्ताव पास किया है। क्षेत्र की पेयजल समस्याओं, सड़क, सिंचाई सुविधा के लिए टैंक निर्माण, रास्तों की मरम्मत और मनरेगा कार्यों पर चर्चा की गई।
नालागढ़ 77 में से चार पंचायतों को छोड़ कर सभी पंचायतों में कोरम पूरा हुआ। कोरम पूरा करने के लिए एक चौथाई लोगों की उपस्थिति जरूरी थी जिसके चलते 73 पंचायतों में कोरम पूरा था। पंचायत उपनिरीक्षक रवि कुमार ने बताया कि सभी पंचायतों को पहली बैठक के लिए दिए एजेंडे के अनुसार ग्राम सभाओं में प्रस्ताव पारित किए गए।
बेरछा पंचायत में तीन सौ से अधिक लोग ग्राम सभा में उपस्थित हुए। बैठक में प्रस्ताव पारित कर मुख्यमंत्री व प्रदेश के उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश को भेजा गया। इसमें कहा कि ट्रक यूनियन एक लोक हित संस्था है जिससे लाखों परिवार जुड़े हैं। लोगों ने अपनी जमीनें बेच कर ट्रक डाले हैं। पंचायत प्रधान बलविंद्र कौर की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में प्रस्ताव पारित कर जल शक्ति विभाग को भेजा गया। इसमें जंग लगे पाइप बदलने की मांग रखी गई। रामशहर में प्रधान कृष्णा शर्मा की अध्यक्षता मेें ग्राम सभा हुई। इसमें बीडीओ कार्यालय खोलने की मांग रखी गई। बगलैहड़ में पंचायत प्रधान पुनीत शर्मा की अध्यक्षता में ग्राम सभा हुई जिसमें मनरेगा के तहत अगले वित्तीय वर्ष के लिए शेल्फ डाले गए।
वहीं, धर्मपुर विकास खंड की 44 पंचायतों में ग्राम सभाएं की गईं। धर्मपुर ग्राम पंचायत की अध्यक्षता पंचायत प्रधान वीना गुप्ता ने की। इसमें क्षेत्र की पेयजल सहित अन्य समस्याओं पर चर्चा गई। इस दौरान पंचायत में एक करोड़ से विकास कार्य करने का भी प्रस्ताव डाला गया। इस अवसर पर उपप्रधान अजय गर्चा, वार्ड सदस्य दर्शना देवी, भानुजा, आशा देवी, गोपाल सिंह, राजकुमारी शुक्ला, राजन अग्रवाल मौजूद रहे।