अर्की के ग्राम शेरा में निर्मित होने वाले पंचवटी पार्क का शिलान्यास करते हुए विधायक। स्रोत: आई
संजय अवस्थी ने शेरा गांव में 21.63 लाख बनने वाले पंचवटी पार्क की भी रखी आधारशिला
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन/अर्की। ग्राम पंचायत कोटलू में 50 लाख रुपए की लागत से नवनिर्मित पंचायत भवन का लोकार्पण अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने किया। इस अवसर पर उन्होंने शेरा गांव में 21.63 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले पंचवटी पार्क की आधारशिला भी रखी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश को विकास के पथ पर अग्रसर करने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों को विकसित करना आवश्यक है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के गतिशील नेतृत्व में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए विभिन्न नवीन योजनाएं आरंभ की गई हैं। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के लाभकारी परिणामों से किसानों, बागवानों व पशुपालकों को व्यापक स्तर पर राहत मिल रही है। विधायक ने कहा कि भारी वर्षा के कारण आई आपदा से अर्की विधानसभा क्षेत्र में लगभग सात करोड़ रुपये का नुकसान आंका गया है। उन्होंने कहा कि आपदा के कारण बंद सड़कों को पुन: आरंभ कर दिया गया है। उन्होंने मरम्मत कार्य को बेहतरीन ढंग से पूरा करने के लिए अधिकारियों की सराहना की। इस अवसर पर पंचायत घर कोटलू के निर्माण कार्य के लिए भूमि दान करने वाले संत राम और प्रकाश चंद को सम्मानित किया। विधायक ने इस अवसर पर लोगों की समस्याएं सुनी और अधिकारियों को इनके शीघ्र निपटारे के निर्देश दिए। इस अवसर पर महिला मंडल की सदस्यों ने स्वागत गीत, समूह गीत व सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।