संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की राज्य परिषद बैठक का नालागढ़ में आयोजन किया गया। इस बैठक में प्रदेश में बढ़ रहे खनन माफिया पर चिंता व्यक्त की। पार्टी के वरिष्ठ सदस्य कामरेड केएस कौंडल ने बताया कि प्रदेश में खनन माफिया तेजी से सक्रिय हो रहा है जिस सरकार को कड़े निर्णय लेकर रोकने का प्रयास करना चाहिए। बैठक में प्रस्ताव पारित करके वन अधिकार नियम को सख्ती से लागू करके भूमिहीन किसानों को भूमि का मालिकाना हक देने की मांग उठाई। वहीं निजी क्षेत्र में 80 प्रतिशत हिमाचलियों को रोजगार सुनिश्चित करने का आह्वान किया। बैठक में आउटसोर्स और ठेकेदारी प्रथा को समाप्त करने की मांग उठाई गई। केएस कौंडल ने बताया कि समस्याओं को लेकर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ट्रेड यूनियनों के प्रदर्शन में 20 मई को होने वाली हड़ताल में शामिल होगी। पार्टी राज्य सचिव कामरेड भाग सिंह चौधरी ने बैठक में एजेंडा प्रस्तुत किया और देश व प्रदेश में राजनीतिक हालात पर चर्चा की।