सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण संगठन की बैठक में मांगों पर चर्चा
2016 के बाद संशोधित वेतनमान भी दें
2024 के बाद सेवानिवृत्त कर्मचारियों को मिले पेंशन का लाभ
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। हिमाचल प्रदेश परिवहन निगम सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण संगठन की नालागढ़ इकाई की बैठक में पेंशनरों की मांगों पर विचार-विमर्श किया गया। नालागढ़ में संघ के अध्यक्ष जगतार सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में पेंशन न मिलने पर रोष जताया गया और सरकार व निगम से हर माह की पहली तारीख को पेंशन जारी करने की मांग की गई।
वर्ष 2016 के बाद सेवानिवृत्त कर्मचारियों की बकाया राशि संशोधित वेतनमान के अनुसार जारी करने की मांग उठाई गई। साथ ही यह भी मांग रखी गई कि 50 हजार रुपये की बकाया राशि की किश्त तुरंत जारी की जाए। अन्य विभागों के कर्मचारियों को यह राशि पहले ही जारी की जा चुकी है। जगतार सिंह राणा ने कहा कि 2024 के बाद सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों को वित्तीय लाभ शीघ्र जारी किए जाएं और सरकार की ओर से स्वीकृत 3 प्रतिशत डीए की किश्त भी तुरंत जारी की जाए। साथ ही लंबित डीए की बकाया राशि भी जल्द जारी करने की मांग की गई। उन्होंने कहा कि चिकित्सा बिलों के भुगतान के लिए पिछले तीन साल से बजट का प्रावधान नहीं हुआ है, जिसके चलते पेंशनर अपना उपचार नहीं करा पा रहे हैं।
बैठक में श्याम लाल शर्मा, निजामुद्दीन, केवल चंद, जयपाल, ओमप्रकाश, शिंगारा सिंह, हरिंद्र सिंह, जीत सिंह, बलबीर सिंह, प्रेम चंद, हरिचंद, बालक राम, अजीत सिंह, बहादुर सिंह, रतन लाल, भाग सिंह, राजेंद्र, अवतार सिंह, छोटा सिंह, जगत राम, जीत सिंह, राम लोक, जोधा राम और राम पाल ने भाग लिया।