विधायकने ठाणा स्कूल में 70 लाख रुपये किए लोकार्पण
बोले-बद्दी-ठाणा सड़क का किया जा रहा काम
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। दून के विधायक राम कुमार चौधरी ने कहा कि बीबीएन औद्योगिक क्षेत्र में बेहतर सुविधाएं सृजित करने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है। वे वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ठाणा में लगभग 70 लाख से निर्मित अटल प्रयोगशाला, कृषि प्रयोगशाला, पुस्तकालय भवन, परीक्षा हॉल और प्रार्थना सभागार के लोकार्पण के बाद अध्यापकों, छात्रों और लोगों को संबोधित कर रहे थे।
चौधरी ने कहा कि दून क्षेत्र में विद्यार्थियों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए सरकारी विद्यालयों के भवनों का जीर्णोद्धार कर उन्हें आधुनिक बनाया जा रहा है। बद्दी में औद्योगिक क्षेत्र और जनसंख्या अधिक होने के कारण शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं की मांग भी बढ़ी है। इसको ध्यान में रखते हुए प्रदेश सरकार की ओर से निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र की वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बद्दी, बरोटीवाला और चंडी को सीबीएसई में स्तरोन्नत करने की स्वीकृति प्रदान की गई है। विधायक ने कहा कि ठाणा पंचायत के मार्ग को शीघ्र दुरुस्त किया जाएगा। बद्दी-ठाणा सड़क मार्ग के कार्य को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है। इसके अलावा क्षेत्र की अन्य सड़कों के मरम्मत कार्य के लिए विभाग द्वारा निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
उन्होंने ठाणा की प्राथमिक कक्षाओं के लिए सीएसआर के माध्यम से दो अतिरिक्त कक्षों के शीघ्र निर्माण का आश्वासन भी दिया। साथ ही ग्राम पंचायत ठाणा के लोगों की मांग के अनुरूप विद्यालय में विज्ञान और वाणिज्य संकाय शुरू करने का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर ठाणा के पूर्व उपप्रधान देवी राम, राम स्वरूप, पूर्व वार्ड पंच खेमचंद, समाजसेवी नरेश, सूबेदार लेखराम, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ठाणा की प्रधानाचार्य शालिनी शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और ग्रामीण उपस्थित रहे।