3,000 की आबादी परेशान, कई किलोमीटर पैदल ग्रामीण व स्कूली बच्चे
रमेश ठाकुर
कंडाघाट (सोलन)। कंडाघाट क्षेत्र के सोलन-मालगा रूट पर एक दर्जन गांव को जाने वाली सरकारी बस पिछले काफी समय से बंद है। इससे स्कूली बच्चों, कॉलेज के विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और ग्रामीणों को कंडाघाट आवाजाही करने में परेशानी आ रही है। लोग कई किलोमीटर पैदल चलकर कंडाघाट पहुंच रहे हैं। उपमंडल कंडाघाट के तहत आने वाली पंचायत क्वारग के गांव सैंज, कोट, टिक्करी, क्यारी शलाऊ, देहूं और शिचड़ा सहित पौधना पंचायत के भी दो गांवों के लोगों को आने-जाने में असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। सैंज गांव के विजय ठाकुर का कहना है कि करीब 11 साल तक लगातार सोलन से मालगा रूट पर एचआरटीसी सोलन डिपो की बस चलती रही। कोरोना काल में यह बस बंद हो गई थी। उसके बाद भारी बारिश और आपदाओं के कारण मार्ग की दशा भी बिगड़ गई जिसकी वजह से यह बस बंद हो गई। उन्होंने बताया कि इस मार्ग पर दूसरी कोई उसे समय बस नहीं चलती है। लोगों ने इस बस को फिर से चलाने की मांग उठाई है। विजय ठाकुर ने बताया कि इस विषय में वह कई बार आरएम सोलन को पत्राचार भी कर चुके हैं। लेकिन इस विषय का अभी तक कोई भी संज्ञान नहीं लिया गया है । उधर, आरएम सोलन सुरेंद्र राजपूत ने बताया कि कोरोना काल में यह बस बंद हुई थी। उसके बाद जो बसें पुरानी थी उनको बाहर दिया गया है। उन्होंने बताया कि काफी समय तक पीडब्ल्यूडी का यह रोड बंद भी रहा है जिसकी वजह से बस को नहीं चलाया गया था। दूसरी और विभाग के पास स्टाॅफ और बसों की कमी है। उन्होंने बताया कि जैसे ही नई बसें आएगी इस बस को रूट पर चलाने की कोशिश करेंगे।