Google meet and zoom app failed as server was down in Solan
सोलन। सर्वर डाउन होने से जिला सोलन में गूगल और जूम एप पर ऑनलाइन कक्षाओं समेत अन्य कार्यक्रम नहीं हो सके। शनिवार को जिला भर में पर्यावरण दिवस पर ऑनलाइन कार्यक्रम किए जाने थे लेकिन ऑनलाइन माध्यम बंद होने से आयोजन नहीं हो सके। प्रदेश भर में शनिवार से समग्र शिक्षा के संवाद कार्यक्रम के तहत अभिभावकों और अध्यापकों की बैठक भी होनी थी। सर्वर बैठने से वीडियो कॉल के जरिये तीन-तीन अध्यापकों को जोड़कर बैठक की जा रही है।
जानकारी के अनुसार कोविड के बीच पिछले एक सप्ताह से निजी समेत सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी पर्यावरण दिवस पर होने वाले ऑनलाइन कार्यक्रमों की तैयारी कर रहे थे। शनिवार को विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेना था लेकिन सुबह जूम एप और गूगल मीट में वे ग्रुप से बार-बार ड्रॉप हो रहे थे। इस कारण विद्यार्थियों की कार्यक्रम के लिए की गई मेहनत भी खराब हो गई। हालांकि कुछ स्कूलों ने ऑडियो और व्हाट्सएप से वीडियो कॉल कर कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी।
बैठक में नहीं जुड़ सके अध्यापक और अभिभावक
जिला परियोजना अधिकारी समग्र शिक्षा डाइट सोलन के प्रभारी चंद्र मोहन शर्मा ने बताया कि संवाद में अभिभावकों और अध्यापकों की बैठक गूगल मीट और जूम से होना थी। लेकिन सर्वर ठप रहने से बैठक नहीं हो सकी। इस दौरान ऑडियो कॉल और व्हाट्सएप वीडियो कॉल से एक समय में चार से छह अध्यापकों और अभिभावकों के साथ बैठक की। ये बैठकें आठ जून तक होंगी। इस बैठक में लिए निर्णयों के फीडबैक की रिपोर्ट भी तैयार की जाएगी।