नाले में सीवेज समेत बह रही अधिक गंदगी, नहीं दे रहा कोई ध्यान
प्रशासन और विभागीय टीमों को 15 दिनों से नहीं मिल रहा कोई प्वाइंट
एमएम भंडारी
परवाणू(सोलन)। औद्योगिक क्षेत्र परवाणू में डायरिया मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। स्थानीय प्रशासन और टीमें ऐसे प्वाइंट चिह्नित करने में नाकाम साबित हो रही हैं जहां पाइपों में गंदगी मिल रही है। लेकिन सेेक्टर-01 में बने रेन बसेरा के पास ऐसा नाला है जहां पर नाले के बीच से पेयजल पाइपों को गुजारा गया है।
हैरत की बात तो यह है कि इस बारे में प्रशासन और हिमुडा भी पूरी तरह बेखबर है। नाले में सीवेज पाइप समेत अन्य गंदगी बह रही है। इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। बताया जा रहा है कि नाले में दो अन्य नाले भी आकर मिलते हैं। इस कारण इसमें गंदगी कई गुणा अधिक हो जाती है। बीते 15 दिनों से परवाणू में डायरिया फैला हुआ है। लेकिन विभागों ने अभी तक इस पर ध्यान नहीं दिया है।
वहीं कुछ दूरी के बाद यह नाला कौशल्या खड्ड में जाकर मिलता है। इससे पानी दूषित हो रहा है। वहीं जहां पर पाइप जा रहा है उसके आसपास झाड़ियां आदि उगी हुई हैं। हिमुडा दावा कर रहा है कि प्रत्येक जगह जाकर सैंपल लेकर प्वाइंट का पता लगाया जा रहा है। लेकिन इतना बड़ा प्वाइंट अभी भी विभागों की आखों के सामने नहीं आया है। जहां पर सरेआम गंदगी मिल रही है। इससे अपने आप में बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं।
उच्चा परवाणू के निवासियों ने बताया कि रेन बसेरा के साथ लगते दो नाले आकर मिलते हैं। कई बार गंदगी होने की शिकायत नगर परिषद और हिमुडा को की जा चुकी है। लेकिन विभागों की ओर से इस पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। अब यहां पर पाइप भी नाले के बीच होकर जा रहे हैं। इस बारे कई बार बताया गया। लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। उन्होंने कहा की यह नाला कौशल्या खड्ड में जा कर मिलता हैं, जो पानी को दूषित कर रहा है।
इनसेट
सेक्टर एक का निरीक्षण किया जाएगा। हाल ही में इस बारे पता चला है। अगर वहां इस प्रकार हो रहा है तो तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
-गिरीश शर्मा
अधिशाषी अभियंता, हिमुडा परवाणू