जीनियस ग्लोबल स्कूल सोलन में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम के दौरान विचार साझा करता विद्यार्थी। स्र
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। शहर के आनंद विहार स्थित जीनियस ग्लोबल स्कूल में छात्रों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से एक विशेष जागरूकता मंच सजाया गया। इस कार्यक्रम में करीब 150 छात्रों ने भाग लिया। जहां जीवन के अनमोल मूल्यों, आत्म-सम्मान और सामाजिक बुराइयों पर खुलकर चर्चा हुई। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित मोटिवेशनल स्पीकर डॉ. रंजना आनंद ने छात्रों को सफलता के सूत्र सिखाए। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के लिए सही टाइम टेबल और सेल्फ स्टडी की आदत ही भविष्य की नींव है। उन्होंने सेल्फ रिस्पेक्ट (आत्म-सम्मान) के महत्व को समझाते हुए कहा कि जब छात्र अपने मूल्यों को समझेंगे, तभी वे जीवन की चुनौतियों का डटकर सामना कर पाएंगे। डॉ. आनंद ने समाज में बढ़ते नशे और आत्महत्या जैसे संवेदनशील विषयों पर छात्रों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने युवाओं को इन बुराइयों से दूर रहने और हमेशा सकारात्मक सोच अपनाने की सलाह दी। स्कूल की एमडी नीति शर्मा ने कहा कि आज के दौर में केवल किताबी ज्ञान पर्याप्त नहीं है। बच्चों को सही-गलत का फर्क समझाना और उनमें आत्मविश्वास पैदा करना स्कूल की प्राथमिकता है।