भोगपुर पंचायत के झिड़ीवाला के बस स्टैंड पर लगे कूड़े के ढेर। संवाद
बारिश होने से सड़ गया है कूड़ा, आ रही गंदी बदबू
आसपास के दुकानदार व यात्री हो रहे हैं परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। नालागढ़ के भोगपुर पंचायत के झिड़ीवाला बस अड्डे पर कूड़े के ढेर लगे होने से लोग परेशान हैं। लोग यहां पर बस पकड़ने के लिए आते हैं लेकिन गंदी बदबू से वहां पर खड़े होना मुश्किल हो जाता है। लोगों ने यहां पर रोजाना सफाई और कूड़ा उठाने की मांग की है।
भोगपुर पंचायत के झिड़ीवाला गांव राष्ट्रीय मार्ग नालागढ़-स्वारघाट मनाली पर पड़ता है। लेकिन इस गांव के मुहाने पर फेंका जा रहा कूड़ा यहां के लोगों की परेशानी बना हुआ है। यहां पर पहले जेबीआर कंपनी कूड़ा उठाती थी लेकिन अब एक माह से कूड़ा नहीं उठ रहा। यह कूड़ा हवा के साथ उड़कर लोगों के घरों में व दुकानों में घुस रहा है। बारिश के बाद यहां पर दुर्गंध फैल गई है जिससे लोगों को यहां पर बस पकड़ना मुश्किल हो गया है।
दुकानदार विक्रम सिंह, पंचायत प्रधान अनुबाला, झिड़ीवाला मार्केट कमेटी के प्रधान काकू चौहान ने बताया कि पहले कूड़ादान यहां पर रखा था लेकिन अब यहां पर कूड़ादान भी नहीं है। जेबीआर कंपनी को यहां से कूड़ा उठाने का जिम्मा सौंपा था लेकिन शुरू में तो कंपनी के लोगों ने सुचारू रूप से कूड़ा उठाया लेकिन अभी जेबीआर भी इस और ध्यान नहीं दे रहा है। युवा प्रिंस कुमार ने बताया कि पंचायत प्रधान के साथ तहसीलदार निशा आजाद से भी लोगों ने इस समस्या को बताया था लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
उधर, बीबीएनडीए की सीईओ सोनाक्षी तोमर ने बताया कि यह मामला उनके ध्यान में नहीं है। अगर कहीं पर ऐसा होता है तो संबंधित गांव के लोग उनको सूचित कर सकते हैं। जल्द ही झिड़ीवाला से यहां से कूड़ा उठवा दिया जाएगा।