सूखा, गीला, सेनेटरी और ई-कचरा के लिए रखने होंगे अलग-अलग कूड़ेदान
हर वार्ड में स्वच्छता समिति भी बनानी होगी, 11 से 15 सदस्य होंगे शामिल
पुष्पलता शांडिल्य
सोलन। शहर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने तथा कचरे के वैज्ञानिक निपटान के लिए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने नगर निगम को सख्त निर्देश जारी किए हैं। अब शहरवासियों, भवन मालिकों, होटल और छोटे-बड़े ढाबा संचालकों को चार अलग-अलग श्रेणियों में कूड़ा एकत्रित करना होगा। इसके साथ ही प्रत्येक वार्ड में निगरानी के लिए स्वच्छता समितियों का गठन भी किया जाएगा। इसकी तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आदेशानुसार कचरे के सही पृथक्करण के लिए चार रंगों के डस्टबीन रखना जरूरी होगा। गीले कचरे (रसोई का कचरा, सब्जियों के छिलके और बगीचे का कचरा) के लिए हरा, सूखे कचरे (प्लास्टिक, कागज, कांच, धातु आदि) के लिए नीला, सेनेटरी कचरे (इस्तेमाल किए हुए सेनेटरी पैड और डायपर) के लिए लाल तथा घरेलू खतरनाक कचरे (एक्सपायरी दवाइयां, बैटरियां, इस्तेमाल की गई सिरिंज और पेंट के डिब्बे) के लिए काला डस्टबीन रखा जाएगा। बोर्ड के निर्देशों के मुताबिक हर वार्ड में 11 से 15 सदस्यों की एक स्वच्छता समिति बनाई जाएगी। यह समिति अपने-अपने वार्ड में सफाई व्यवस्था की निगरानी करेगी और स्थानीय लोगों की शिकायतों का निपटारा भी करेगी। समिति में वार्ड पार्षद, सेनेटरी इंस्पेक्टर या निगम के अन्य अधिकारी, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रतिनिधि, स्वयं सहायता समूह, युवा क्लब, स्थानीय नागरिक और वरिष्ठ नागरिक शामिल होंगे। यह समिति महीने में कम से कम तीन बार वार्ड का निरीक्षण करेगी।
इनसेट
भारी कचरे के लिए चलेगा विशेष अभियान
नगर निगम की ओर से प्रत्येक वार्ड में महीने में एक बार भारी कचरा एकत्रित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत शहरवासी पुराना फर्नीचर, गद्दे, सोफे और अन्य बड़ा सामान नगर निगम की ओर से निर्धारित स्थानों पर जमा करवा सकेंगे।
इनसेट
कंपोस्टिंग पिट या बायोगैस यूनिट करनी होगी स्थापित
जिन होटलों, अस्पतालों, शिक्षण संस्थानों, सरकारी कार्यालयों और अन्य प्रतिष्ठानों में रोजाना 100 किलोग्राम से अधिक कूड़ा उत्पन्न होता है, वहां स्वच्छता नोडल अधिकारी की नियुक्ति करनी होगी। वहीं, 500 से अधिक विद्यार्थियों वाले कॉलेजों को एक वर्ष के भीतर अपने परिसर में कंपोस्टिंग पिट या बायोगैस यूनिट स्थापित करनी होगी।
इनसेट
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अनुसार सभी वार्डों में घरों, कार्यालयों, होटल और ढाबा संचालकों को अलग-अलग डस्टबीन रखने के निर्देश दिए जाएंगे। साथ ही हर वार्ड में स्वच्छता कमेटी गठित की जाएगी, जो नियमित रूप से सफाई व्यवस्था की निगरानी करेगी।
-सुषमा शर्मा, महापौर, नगर निगम