दिग्गल में आयोजित बाल मेले के दौरान प्रस्तुति देती छात्राएं। संवाद
गणपति एजुकेशन सोसायटी ने दिग्गल में लगाया बाल मेला
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन/कुनिहार। गणपति एजुकेशन सोसायटी ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दिग्गल में बाल मेले का आयोजन किया। सोसायटी सात महीनों से नंदिनी प्रोजेक्ट के तहत कार्य कर रही है। प्रोजेक्ट डायरेक्टर रोशन लाल शर्मा ने बताया कि इसका मुख्य उद्देश्य किशोरियों और महिलाओं को स्वास्थ्य और स्वच्छता के बारे में जानकारी देना है। सोसायटी नालागढ़ ब्लॉक की 12 पंचायत में काम कर रही हैं, जिसमें 6,000 किशोरियों और महिलाओं को जागरूक किया जा रहा है। दिग्गल में आयोजित बाल मेले में 350 लोगों ने भाग लिया। इस दौरान दिग्गल स्कूल के सभी विद्यार्थी, दिग्गल आईटीआई की किशोरियों, एसएमसी सदस्य, आशा वर्कर और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्यातिथि के रूप में वर्धमान टेक्सटाइल लिमिटेड के प्रभारी संदीप गुलेरिया, स्टेट मैनेजर वर्धमान टेक्सटाइल लिमिटेड वीरेंद्र शर्मा ने शिरकत की। इसमें कविता, भाषण, नाटक और अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किया गया। मुख्यातिथि संदीप गुलेरिया और वीरेंद्र शर्मा ने टीम की सराहना की।