रामशहर तहसील के अंतर्गत रिवालसर स्कूल में विद्यार्थ्रियों को नशे के खिलाफ जागरूक करते पुलिस
रिवाल्सर स्कूल में एंटी चिट्टा अभियान के तहत छात्रों को किया जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
रामशहर (सोलन)। पुलिस थाना रामशहर की टीम की ओर से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रिवाल्सर रामशहर में विद्यार्थियों के लिए एक जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लगभग 300 विद्यार्थियों एवं विद्यालय के शिक्षकों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशा उन्मूलन अभियान (एंटी चिट्टा) के तहत मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों, नशे की लत से होने वाले सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी नुकसान व नशे से दूर रहने के उपायों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को नशे के खिलाफ समाज में जागरूकता फैलाने और किसी भी प्रकार की नशीली गतिविधि की सूचना पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया। इसके अतिरिक्त, डिजिटल युग में बढ़ रहे साइबर अपराधों एवं डिजिटल धोखाधड़ी के विभिन्न तरीकों जैसे फर्जी कॉल, ऑनलाइन फ्रॉड, ओटीपी साझा करने के खतरे, सोशल मीडिया ठगी और बैंकिंग धोखाधड़ी के बारे में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा संबंधी सावधानियां अपनाने के लिए जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों पर भी विशेष व्याख्यान दिया गया। विद्यार्थियों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा अन्य यातायात नियमों का अनुसरण करने के लिए प्रेरित किया गया।