धर्मपुर बाजार व रेलवे स्टेशन पर लावारिस मवैशी। संवाद
लोगों में रोष, छह पशुओं को भेजा था शनिवार को बद्दी
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर(सोलन)। धर्मपुर पंचायत से हांडाकुडी भेजे गए छह लावारिस पशुओं के बाद अब फिर से चार पशु बाजार में घूमते नजर आए हैं। इससे स्थानीय लोगों में भी रोष है। लोगों का कहना है कि धर्मपुर से छह पशुओं को बीते शनिवार को पंचायत प्रतिनिधियों की अगुवाई में हांडाकुडी भिजवाया गया था। मगर अब फिर से चार पशु किसी ने छोड़ दिए हैं। उन्होंने इसमें संबंधित लोगों पर कार्रवाई की मांग की है। बीते सप्ताह भी कुमारहट्टी में एक सांड की टक्कर से घायल कारोबारी की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद कुमारहट्टी से भी चार आवारा मवेशियों को बद्दी के हांडाकुडी भेजा गया था।
हालांकि अब एनएच के आसपास घूम रहे लावारिस पशुओं को हांडाकुडी भेजा जा रहा है। धर्मपुर में पिछले काफी समय से लावारिस पशुओं का आतंक बढ़ रहा था। अब ये चार मवेशी धर्मपुर बाजार में हाईवे से लेकर रेलवे स्टेशन तक पटरी पर देखे गए। धर्मपुर स्थित रेलवे स्टेशन के एक अधिकारी ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर इसकी शिकायत की है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने इस मामले में पशुपालन विभाग को तलब किया है। लावारिस मवेशियों के कारण सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
धर्मपुर बाजार व रेलवे स्टेशन पर लावारिस मवैशी। संवाद