निर्माण कंपनी के 120 कर्मचारी, छह जेसीबी रहेंगी तैनात
हाईवे पेट्रोलिंग टीमें भी करेंगी 24 घंटे जगह-जगह निगरानी
कई जगहों पर बनाई जा रही हैं नालियां और पुलिया
बरसातों से पहले निर्माण कंपनी ने किया है प्लान तैयार
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर(सोलन)। परवाणू से सोलन के बीच फोरलेन पर निर्माण कंपनी ने इस बार बरसातों से पहले ही तैयारियां शुरू कर दी हैं। कंपनी इस बार जगह-जगह कर्मचारियों की तैनाती करेगी, साथ ही मशीनों को भी रखा जाएगा ताकि फोरलेन सुचारु रहे। बरसात के लिए हाईवे पर लगभग 120 कर्मचारी मुस्तैद रहेंगे। साथ ही छह जेसीबी मशीनें व हाईवे पेट्रोलिंग टीमें भी 24 घंटे निगरानी करेंगी। टीमें हाईवे अवरुद्ध नहीं होने देंगी। चक्की मोड में भी पहाड़ से आने वाले पानी की निकासी के लिए पुलिया बनाई जा रही है। जबकि नालियां भी बनाई जा रही हैं, जिससे पानी कहीं पर रुक न सके।
चक्कीमोड़ में लगभग 100 फीट सड़क के भाग को यातायात के लिए अस्थाई रूप से बंद किया गया है। पुलिया निर्माण होने के बाद सड़क खोली जाएगी। इसके अलावा बारिश से पहले हाईवे किनारे पहाड़ साइड मिट्टी से बंद पड़ी नालियाें से मिट्टी निकाली जा रही है। जिससे बरसात का पानी सड़क से नालियों से जाकर सड़क से बाहर निकल जाए।
उधर, ग्रील कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर पंकज ने बताया कि इस बार बरसात में फोरलेन को बंद नहीं होने दिया जाएगा। इसके लिए सोलन से परवाणू के बीच 120 कर्मचारी तैनात कर दिए गए हैं, जो मैनुअल कार्य करेंगे, साथ ही छह जेसीबी मशीनें भी तैनात कर दी हैं। हाईवे पेट्रोलिंग टीमें लगातार निगरानी करेंगी। कहीं भी मिट्टी आते ही तुरंत उसे हटा दिया जाएगा।