पर्ची काउंटर पर मरीजों की बढ़ती शिकायतों के बाद लिया फैसला
कर्मी की तैनाती को लेकर प्रशासन को पहले से भेज रखा है प्रस्ताव
मंजूरी मिलते ही अस्पताल में मिलेगी रोगियों को बेहतरीन सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में मरीजों को बेहतर सुविधा देने की तैयारी चल रही है। अस्पताल प्रशासन ने चार अतिरिक्त पर्ची काउंटर खोलने का प्रस्ताव सरकार को भेजा है। इस प्रस्ताव में चार नए कर्मचारियों की तैनाती की मांग भी शामिल है।
वर्तमान में अस्पताल में केवल तीन पर्ची काउंटर उपलब्ध हैं। ये काउंटर महिलाओं, पुरुषों और वृद्धों के लिए एक-एक हैं। एक कर्मचारी के छुट्टी पर जाने से पूरी व्यवस्था अटक जाती है। अस्पताल में रोजाना 800 से 900 मरीजों की ओपीडी होती है। मरीजों को पर्ची बनवाने के लिए घंटों लंबी कतारों में खड़ा रहना पड़ता है। सुबह 8:00 बजे से मरीज काउंटर के बाहर खड़े हो जाते हैं। हालांकि, काउंटर 9:00 बजे के बाद ही खुलते हैं। प्रशासन ने पहले भी काउंटर विस्तार के लिए प्रस्ताव भेजा था। अब कर्मचारियों की मांग को भी इसमें जोड़ा गया है।
मरीजों को हो रही परेशानी
मौजूदा तीन पर्ची काउंटर इतनी बड़ी ओपीडी के लिए पर्याप्त नहीं हैं। मरीजों को अपनी बीमारी से अधिक पर्ची काउंटर की लंबी कतारों से परेशानी होती है। एक काउंटर पर एक ही वर्ग के मरीजों की पर्ची बनती है। कर्मचारियों की कमी भी व्यवस्था को प्रभावित करती है। घंटों इंतजार के कारण मरीजों को असुविधा होती है।
कोट
अस्पताल प्रशासन मरीजों को बेहतर सुविधा देने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान काउंटर काफी समय पहले बनाए गए थे। इनके विस्तार में कुछ दिक्कतें आ रही हैं। प्रशासन ने काउंटर विस्तार के लिए सरकार को प्रस्ताव भेजा है। इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद मरीजों को बड़ा लाभ मिलेगा। - डॉ. राकेश पंवार, चिकित्सा अधीक्षक