चडेरा स्कूल में रोपा आम का पौधा, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने पर दिया बल
विभिन्न पंचायतों के लिए लाखों की राशि और सोलर लाइटें लगाने की घोषणा
संवाद न्यूज एजेंसी
अर्की(सोलन)। प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को प्राथमिकता प्रदान कर रही है। यह बात अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने मंगलवार को ग्राम पंचायत बलेरा के राजकीय प्राथमिक पाठशाला चडेरा में आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम के दौरान कही।
उन्होंने आम का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पौधरोपण से वन भूमि का दायरा बढ़ने के साथ भू एवं भू-जल का संरक्षण होता है। उन्होंने स्थानीय लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया। पौधरोपण के उपरांत विधायक ने 1.50 करोड़ रुपये से निर्मित होने वाली चडेरा उठाऊ सिंचाई योजना और ग्राम पंचायत बड़ोग में 11.5 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले साई-जोहाड़ी-खुन्ड-चम्यासी से समलेच संपर्क मार्ग की आधारशिला रखी। उन्होंने चडेरा मोक्षधाम मार्ग के लिए 2 लाख रुपये, प्राथमिक विद्यालय चडेरा की मरम्मत के लिए 1 लाख रुपये, ग्राम पंचायत बलेरा के लिए 10 सोलर लाइटें, 6 स्वयं सहायता समूहों को 11-11 हजार और युवक मंडल को 21 हजार रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने क्षेत्र में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान स्थापित करने का मामला उच्च स्तर पर उठाने का आश्वासन भी दिया।