अर्की में भाई के साथ मिलकर दिया था चोरी को अंजाम,यूपी के रहने वाले है दोनों आरोपी
कीमती बैटरियां और रेक्टिफायर किए थे चोरी
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। अर्की क्षेत्र में रिलायंस जियो टावर की साइट से बैटरियां और रेक्टिफायर चोरी करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मामले के दूसरे आरोपी अनूप पुंडीर को उत्तर प्रदेश के मेरठ से गिरफ्तार किया है। चौंकाने वाली बात यह है कि गिरफ्तार आरोपी उसी कंपनी में पूर्व तकनीकी कर्मचारी (टेक्नीशियन) रह चुका है, जिसे कुछ समय पहले नौकरी से निकाल दिया गया था। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी अनूप पुंडीर पुत्र ईशाम सिंह, निवासी जागृति विहार, मेरठ अर्की में ही कंपनी की साइट पर टेक्नीशियन था। नौकरी से निकाले जाने के बाद वह अपने घर मेरठ लौट गया था, लेकिन 8 दिसंबर 2025 को वह वापस अर्की आया और अपने भाई आनंद कुमार के साथ मिलकर चोरी को अंजाम दिया। दोनों ने मिलकर साइट से तीन कीमती बैटरियां और दो रेक्टिफायर चुराए थे।
तकनीकी साक्ष्यों से पकड़ा गया आरोपी
एसपी सोलन गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस पहले ही एक आरोपी आनंद कुमार को गिरफ्तार कर चुकी थी। आनंद से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दूसरे आरोपी अनूप की संलिप्तता सामने आई। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मेरठ में दबिश दी और आरोपी को दबोच लिया। पुलिस अब आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या वह पहले भी इस तरह की चोरी की वारदातों में शामिल रहा है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लेने की प्रक्रिया जारी है। मामले की गहनता से तफ्तीश की जा रही है।