संवाद न्यूज एजेंसी
परवाणू (सोलन)। परवाणू क्षेत्र के अंतर्गत टकसाल पंचायत कार्यालय के समीप शुक्रवार दोपहर बाद जंगल की झाड़ियों में अचानक आग लग गई। आग लगने से क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया और चारों ओर धुआं फैल गया। घटना के समय पंचायत भवन में चुनाव चिन्ह वितरण का कार्य चल रहा था, जिसके चलते वहां काफी संख्या में लोग मौजूद थे। आग की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचित किया। सूचना प्राप्त होते ही परवाणू अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से बड़ा हादसा टल गया। परवाणू फायर अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से किसी प्रकार का कोई नुकसान नहीं हुआ है।