नालागढ़ के मित्तियां के पास रास्ते में रुकी निगम की बस- संवाद।
यात्रियों को निजी वाहनों से पहुंचना पड़ा मंजिल तक,लोग हुए परेशान
पहले कुमारहट्टी में रुक गई थी बस
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। नालागढ़ से क्वारनी रूट पर वीरवार को भेजी गई बस को मित्तियां गांव से एक किलोमीटर पहले ही हांफ गई। इस रूट पर यह एक सप्ताह के भीतर दूसरी घटना है। इससे पहले लूनस रूट पर भेजी गई बस भी कुमारहट्टी में हांफ गई थी। ग्रामीणों में भाग सिंह चंदेल, बुध राम ने बताया कि उन्हें जरूरी काम से नालागढ़ आना था, लेकिन बस नहीं आई जिसके कारण परेशानी हुई। किसी के साथ बाइक पर बैठकर नालागढ़ आए। यह बस नालागढ़ से दोपहर 12:00 बजे क्वारनी जाती है और वहां से वापस 2:00 बजे चलती है और 4:00 बजे नालागढ़ पहुंचती है। निगम के अधिकारियों ने सूचना मिलते ही इस बस को ठीक करने के लिए मैकेनिक भेजे गए, लेकिन वह भी इसे ठीक नहीं कर पाए, जिससे सायं 5:30 बजे भी प्रशिक्षण वाली बस इस रूट पर भेजी है। लोगों का कहना है इन रूटों पर गिनी चुनी बसें जाती हैं। लोग बस पकड़ने के लिए समय से पहले सड़क पर आ जाते है, लेकिन आज घंटों इंतजार करने के बाद भी बस नहीं पहुंची तो लोग निजी वाहनों से नालागढ़ पहुंचे। अड्डा प्रभारी देवेंद्र भारद्वाज ने बताया कि नालागढ़ डिपो में बसों की कमी चल रही है और प्रधान कार्यालय को मांग भेज रखी है। इसलिए कई बार बसों की कमी के कारण प्रशिक्षण वाहन को भेजना पड़ता है। बस खराब होने की सूचना मिलते है मैकेनिक को भेज दिया गया था, लेकिन वह भी उसे ठीक नहीं कर पाए। इसके चलते दूसरी बस को भेजा गया।