बाजार में पुल के साथ प्रस्तावित है फुट ओवरब्रिज
छात्रों को आ रही सड़क क्रॉस करने में दिक्कत
ग्राम सुधार सभा कर रही चयनित जगह पर ही ब्रिज निर्माण का आग्रह
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। कालका-शिमला नेशनल हाईवे-पांच पर विरोध के चलते फुट ओवरब्रिज का निर्माण रुक गया है। इससे ब्रिज निर्माता कंपनी के कर्मियों को दिक्कतें पेश आने लगी हैं। वहीं, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की ओर से ब्रिज निर्माण को लेकर रखा गया लक्ष्य भी पिछड़ रहा है। वहीं, फुट ओवरब्रिज का निर्माण न होने से विद्यार्थियों, बुजुर्गों और अन्य लोग काफी परेशान हैं। सड़क पर हर समय दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है।
बताया जा रहा है कि एक ओर दुकानदार फुट ओवरब्रिज को स्कूल के समीप बनाने के लिए अड़े हुए हैं, जबकि ग्राम सुधार सभा और अन्य सभाएं जाबली में बने पुल के साथ ही इसका निर्माण करने के लिए कह रही हैं। इसके लिए काफी समय पहले ग्राम सुधार सभा की ओर से केंद्रीय भूतल एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को भी पत्र लिखा गया है। जब निर्माण का समय आया तो लोगों ने इसका विरोध करना शुरू कर दिया। ग्राम सुधार सभा का मानना है कि पहले से चयनित जगह पर ब्रिज निर्माण इसलिए होना चाहिए क्योंकि वहां अधिक जरूरत हैै। यदि स्कूल के पास ब्रिज का निर्माण होगा तो दुर्घटनाओं का अंदेशा वैसे ही पुल के पास बना रहेगा क्योंकि वहां से लोगों की आवाजाही अधिक हैै।
गौर रहे कि कालका-शिमला नेशनल हाईवे पर सोलन से परवाणू के बीच छह फुट ओवरब्रिज का निर्माण हो रहा है। कई जगहों में कार्य अंतिम चरण में है। जाबली में बाजार में बने पुल के पास फुट ओवरब्रिज का निर्माण होना प्रस्तावित है। ये जगह एनएचएआई की है। इस जगह पर लोगों ने निर्माण का विरोध किया है। विरोध के बाद जिला प्रशासन के अधिकारी ने मौके का मुआयना किया है, लेकिन अभी कोई हल नहीं निकला है।
इनसेट
जाबली में फुट ओवरब्रिज का निर्माण होना जरूरी है। कुछ दुकानदार इसे नहीं बनने दे रहे हैं। जो जगह एनएचएआई ने प्रस्तावित की है वे ठीक है। बुजुर्गों, स्कूली बच्चों समेत अन्य लोगों के लिए भी ठीक है। एनएचएआई के अधिकारियों से आग्रह है कि वे जल्द फुट ओवरब्रिज का निर्माण करवाएं।
-कृष्ण दत्त अत्रि, ग्राम सुधार सभा, जाबली
इनसेट
हाईवे पर तेज रफ्तार से वाहन गुजरते हैं। ऐसे में जरूरी है कि फुट ओवरब्रिज का निर्माण जल्द हो जाए। इससे स्कूली बच्चों को सड़क क्रॉस करने में दिक्कत नहीं आएगी। -मोनिका ठाकुर, प्रधानाचार्य, जाबली स्कूल
इनसेट
पंचायत की ओर से प्रस्ताव भेजा गया है कि फुट ओवरब्रिज का निर्माण कार्य स्कूल गेट के समीप होना चाहिए। इससे बच्चों को काफी आसानी होगी। जिस जगह को प्रस्तावित किया गया है वे जगह ठीक नहीं है। वहां उसका फायदा नहीं है। इस बारे जिला प्रशासन को बताया गया है।
-कल्पना गर्ग, प्रधान, ग्राम पंचायत, जाबली