बद्दी (सोलन)। बद्दी के चक्का गांव में महिलाओं के साथ पोषक आहार एवं संतुलित भोजन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जागरूकता एवं रेसिपी प्रदर्शन का आयोजन किया गया। यह गतिविधि प्रत्युषा प्रोजेक्ट के तहत आयोजित की गई, जिसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं को परिवार के लिए स्वस्थ, पौष्टिक एवं किफायती भोजन तैयार करने के बारे में जागरूक करना रहा। महिलाओं के साथ मिलकर पोषक आहार की विभिन्न रेसिपी तैयार की गईं, जिनमें पोहा, बेसन का चीला, खीर, ज्वार की रोटी, मूंग दाल का हलवा शामिल रहे। महिलाओं को समझाया गया कि दालें, मोटे अनाज एवं घरेलू सामग्री से बना भोजन ऊर्जा, प्रोटीन, आयरन एवं आवश्यक पोषक तत्वों से भरपूर होता है। रेसिपी प्रदर्शन के साथ-साथ महिलाओं को संतुलित आहार की अवधारणा, जंक फूड के दुष्प्रभाव और पारंपरिक व स्थानीय खाद्य पदार्थों के नियमित सेवन से होने वाले स्वास्थ्य लाभों के बारे में जानकारी दी गई। प्रत्युषा प्रोजेक्ट के तहत महिलाओं को पोषण एवं स्वस्थ खानपान से संबंधित फ्लिप बुक भी वितरित की गई। कार्यक्रम का संचालन एवं फैसिलिटेशन पिंकी वर्मा और सुषमा शर्मा ने किया।