रेलवे बार्ड ने की कार्रवाई ,1000 रुपये वसूला जुर्माना
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। कालका-शिमला रेलवे ट्रैक पर सोलन रेलवे स्टेशन के आसपास गंदगी फैलाने पर बोर्ड ने सख्त कार्रवाई की है। बोर्ड ने सरेआम ट्रैक पर कूड़ा फेंकते हुए पांच लोगों को पकड़ा है। पांचों लोगों के मौके पर चालान काट 1000 रुपये की जुर्माना राशि वसूली है। ट्रैक पर पिछले काफी समय से लोग कूड़ा फैला रहे थे। इससे ट्रैक पर कूड़े के ढेर लग रहे थे। कई बार रेलवे बोर्ड ने अपने स्तर पर सफाई भी करवाई, लेकिन कुछ दिनों बाद फिर वहीं हाल बन जाते थे। गौर रहे कि रेलवे ट्रैक के आसपास काफी घर हैं। साथ ही नगर निगम के पास शहर के सफाई का जिम्मा है। नगर निगम घरद्वार से कूड़ा एकत्र करता है। इसके बावजूद लोग ट्रैक किनारे गंदगी के ढेर लगा रहे हैं। इससे पर्यटकों में शहर की छवि पर भी गहरा असर पड़ रहा है। बीते दिनों ट्रैक के साथ लगते वार्ड के सदस्यों के साथ रेलवे बोर्ड के अधिकारियों ने बैठक की थी। इस दौरान पार्षदों से भी साफ-सफाई करवाने का आग्रह किया था। शहर के क्लीन व आसपास जगहों पर सफाई की गई थी। इसके बाद अब फिर लोगों ने गंदगी फेंकनी शुरू कर दी।
सोलन रेलवे स्टेशन के आसपास लोग काफी समय से गंदगी लोग फैला रहे थे। इसे कई बार साफ करवाया गया। शनिवार को सुबह ही कूड़ा फेंकते हुए पांच लोगों पर कार्रवाई की गई। इनके चालान काट कर 1000 रुपये जुर्माना वसूला है। अगर फिर भी ये लोग नहीं मानें तो आगामी दिनों में और सख्त कार्रवाई की जाएगी। लोगों से आग्रह है कि वे ट्रैक के आसपास गंदगी न फैलाएं।
सुरेंद्र परमार,स्टेशन अधीक्षक, सोलन