सरकार ने 29 तक आपत्ति और सुझाव मांगे
उपायुक्त की सिफारिश पर जारी होगी नई पंचायतों की अधिसूचना
धर्मपुर की टकसाल से अंबोटा और धार की बेड की नई पंचायत बनाने की तैयारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। जिले की पांच पंचायतों का पुनर्गठन कर नई पंचायतें बनाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। संबंधित पंचायतों से सुझाव और आपत्तियां मांगी गई हैं। इच्छुक लोग 29 दिसंबर तक सुझाव और आपत्तियां जिला उपायुक्त कार्यालय में जमा करा सकते हैं। इसके बाद उपायुक्त की सिफारिश पर इन पंचायतों के पुनर्गठन की अधिसूचना जारी की जाएगी।
धर्मपुर ब्लॉक की टकसाल पंचायत का विभाजन कर अंबोटा पंचायत बनाने की प्रक्रिया चल रही है। इसके अलावा धर्मपुर पंचायत को विभाजित करके धार की बेड को भी पंचायत बनाने का प्रस्ताव रखा है। नालागढ़ ब्लॉक में तीन पंचायतों का पुनर्गठन प्रस्तावित है। इसमें खेड़ा पंचायत को पुनर्गठित करके खेड़ा उपरला पंचायत से दभोटा को विभाजन कर रत्योड़ और रडियाली पंचायत का विभाजन कर चूहूवाल पंचायत बनाने का प्रस्ताव शामिल है।
लागढ़ के बीडीओ नियोन धैर्य शर्मा ने बताया कि प्रस्तावित पंचायतों का पुनर्गठन जनसंख्या और प्रशासनिक दृष्टि से जरूरी है। विभाजन किए गए पंचायतों से सुझाव और आपत्तियां मांगी गई हैं। 29 दिसंबर तक कोई भी व्यक्ति अपने सुझाव और आपत्तियां जिला उपायुक्त कार्यालय में दर्ज करा सकता है। उन्होंने कहा कि इन पंचायतों में जनसंख्या अधिक होने के कारण उन्हें छोटे आकार की पंचायतों में बदलने का प्रस्ताव भेजा गया है।