नालागढ़ में अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए विधायक हरदीप बावा- स्रोत- विभाग
नालागढ़ के विधायक हरदीप बावा ने बैठक में दी जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। नालागढ में विधायक हरदीप बावा की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक में हुई। इसमें वर्ष 2025 में नालागढ़ क्षेत्र में हुई आपदा से हुए नुकसान पर चर्चा की गई। विधायक ने कहा कि नालागढ़ उपमंडल के 68 परिवारों को विशेष राहत पैकेज की पहली किस्त के रूप में 2.70 लाख रुपये प्रदान किए जा रहे हैं। वहीं आंशिक रूप से प्रभावित 154 परिवारों को भी जल्द ही राहत राशि दी जाएगी। उन्होंने बताया कि आपदा में नालागढ़ तहसील में 23, पंजेहरा में 15 और रामशहर में 30 मकान पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त हुए। इनमें से 38 परिवारों को पहले ही 2.70 लाख रुपये की राशि प्रदान की जा चुकी है, जबकि शेष 30 परिवारों को जल्द राहत दी जाएगी। विधायक हरदीप बावा ने बताया कि पिछले वर्ष आपदा के दौरान नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र में कुल 68 घर पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त हुए, जबकि 154 परिवारों के घर आंशिक रूप से प्रभावित हुए। उन्होंने कहा कि यह आपदा अत्यंत भीषण थी, जिसने सैकड़ों परिवारों को बेघर कर दिया और उनका जीवन अस्त-व्यस्त हो गया। प्रदेश सरकार ने आपदा पीड़ितों के लिए विशेष राहत पैकेज की घोषणा की। इसके तहत पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त मकानों के पुनर्निर्माण के लिए मुआवजा 1.30 लाख रुपये से बढ़ाकर 7 लाख रुपये कर दिया गया। आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त कच्चे मकानों के लिए मुआवजा 4,000 रुपये से बढ़ाकर 1 लाख रुपये, और पक्के मकानों के लिए 6,500 रुपये से बढ़ाकर 1 लाख रुपये कर दिया गया।