आग लगने के बाद दुकान का दृश्य। संवाद
रविवार सुबह साढे़ 11 बजे सुबाथू बस स्टैंड के समीप हुआ हादसा
स्थानीय लोगों, सेना के जवान समेत अग्निशमन टीम ने आग पर पाया काबू
संवाद न्यूज एजेंसी
सुबाथू(सोलन)। सुबाथू छावनी क्षेत्र स्थित बस स्टैंड पर अग्निकांड से तीन दुकानों को दो लाख का नुकसान हो गया है। हादसा रविवार सुबह 11:30 बजे हुआ। इसके बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना अग्निमशन विभाग कुठाड़ को दी। इस बीच स्थानीय लोगों समेत सेना के जवानों ने भी आग पर काबू पाने की कोशिश की इस बीच दमकल टीम भी मौके पर पहुंच गई। जिन्होंने आग पर काबू पाया। वहीं मौके पर स्थानीय प्रशासन की टीम भी पहुंची है। प्रारंभिक जांच में मिठाई की दुकान में गैस लीकेज के कारण आग लगना बताया जा रहा है। इसकी जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार सुबाथू बस स्टैंड के समीप मिठाई की दुकान में एकदम से आग भड़क गई। आग की लपटे इतनी ज्यादा थी कि इससे साथ लगती दो दुकानों में भी आग पहुंच गई। दुकानों में रखा सामान जलकर राख हो गया। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों और सेना के जवानों ने भी आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन आग अधिक होने से इस पर काबू पाना मुश्किल हो रहा था। इसके बाद कुठाड़ फायर स्टेशन की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया है। वहीं मौके का निरीक्षण तहसीलदार मुल्तान सिंह बनियार ने किया है। उन्होंने बताया कि नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। अभी तक की रिपोर्ट में करीब दो लाख का नुकसान हुआ है। इसमें मिठाई दुकानदार मंशाराम को दस हजार की फोरी राहत दी गई है। जबकि अन्य दो कारोबारियों को पांच हजार की राशि दी गई है। फायर चौकी प्रभारी कायाराम ने बताया कि आग लगने से करीब 2 लाख का नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।