गर्मियों में लिए गए पानी के चारों सैंपल जांच में फेल
परवाणू प्रयोगशाला की रिपोर्ट में प्रदूषण की मात्रा मिली अत्यधिक
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। नालागढ़ के माजरा स्थित सोलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट के खिलाफ राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने सख्त कार्रवाई की है। मानकों पर खरा न उतरने और दूषित जल छोड़ने पर बोर्ड ने प्लांट संचालक पर 6.10 लाख रुपये का जुर्माना ठोका है।
माजरा गांव की महिलाएं 18 मई से इस प्लांट के खिलाफ लगातार आंदोलन कर रही हैं। हाल ही में महिलाओं ने नालागढ़ में भी प्रदर्शन कर अपनी नाराजगी जताई थी। जनआक्रोश और शिकायतों के बीच प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने मई में प्लांट से निकलने वाले दूषित पानी के चार सैंपल लिए थे। इन सभी सैंपलों को जांच के लिए परवाणू स्थित प्रयोगशाला भेजा गया था। प्रयोगशाला से आई जांच रिपोर्ट में चारों सैंपल फेल पाए गए हैं और पानी में प्रदूषण का स्तर तय मानकों से बेहद अधिक मिला है।
कोट
प्लांट से लिए गए चारों पानी के सैंपल जांच में फेल पाए गए हैं। मानकों का उल्लंघन करने पर बोर्ड ने सोलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट के संचालक पर 6,10,000 रुपये का जुर्माना लगाया है।
-अतुल परमार, अधिशासी अभियंता, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड