बिना चीरे और टांके से मशीन के जरिए हो सकेंगे ऑपरेशन
मोतियाबिंद ऑपरेशन की है आधुनिक मशीन, मिलेगी सुविधा
जेम पोर्टल से की जाएगी खरीदारी, करीब 42 लाख रुपये होंगे खर्च
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। क्षेत्रीय अस्पताल में जल्द ही आधुनिक सुविधा से लैस फेको मशीन लगाई जाएगी। इसके लिए अस्पताल प्रशासन की ओर से उच्चाधिकारियों को पत्र लिखा गया है। साथ ही मांग की गई है कि जल्द मशीन खरीदने की अनुमति दी जाए। मशीन के इंस्टाल होने के बाद नेत्र रोगियों को काफी फायदा मिलेगा। खासकर मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों को मशीन की सुविधा मिल पाएगी। मरीजों के बिना चीरे और टांके से ऑपरेशन किए जा सकेंगे। इस मशीन की खरीद के लिए अस्पताल प्रशासन का करीब 42 लाख रुपये का खर्च आएगा। सरकार की ओर से मशीन के लिए बजट दिया गया है। अनुमति मिलते ही जेम पोर्टल से मशीन की खरीदारी की जाएगी।
गौर रहे कि क्षेत्रीय अस्पताल जिले का सबसे बड़ा अस्पताल है। यहां पर रोजाना नेत्र जांच के लिए करीब 300 से अधिक मरीज आते हैं। इनमें कई मरीजों में मोतियाबिंद की शिकायत पाई जाती है। जिन्हें ऑपरेशन कराने के लिए डॉक्टर सलाह देते हैं। अब तक अस्पताल में मोतियाबिंद के ऑपरेशन चीरे के साथ किए जाते थे। इसके बाद टांका लगाया जाता है। लेकिन अब इनसे मरीजों को छुटकारा मिल जाएगा और फेको मशीन से ही ऑपरेशन किए जाएंगे। इस विधि से मरीजों को चीरा भी नहीं लगाना पड़ेगा। वहीं बिना टांके के मरीज को ठीक किया जाएगा।
इनसेट
विभाग कर लगा चुका है टेंडर
इससे पहले विभाग की ओर से मशीन की खरीद के लिए निविदाएं भी आमंत्रित की गई थीं। उस दौरान पहली और दूसरी बार में दो-दो ही कंपनियों ने भाग लिया था। जबकि तीसरी बार भी दो कंपनियों ने निविदाएं भरी थीं। लेकिन एक कंपनी नियम पूरे नहीं कर पाई और अन्य कंपनी के बारे में उच्चाधिकारियों को मंजूरी के लिए पत्र भेजा गया।
इनसेट
अस्पताल में फेको मशीन जल्द लग जाएगी। अस्पताल प्रशासन से खरीदारी के लिए अनुमति मांगी है। जल्द ही 42 लाख रुपये की लागत से अत्याधुनिक मशीन लगाई जाएगी ताकि मरीजों को इसकी सुविधा मिल सके।
-डॉ. एसएल वर्मा
चिकित्सा अधीक्षक, सोलन