किसानों का धरना चौथे दिन भी जारी रहा
एक समान रेट की मांग कर रहे किसान
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। बद्दी की हरिपुर संडोली पंचायत के किसानों ने रेलवे लाइन का कार्य चौथे दिन भी नहीं होने दिया। ग्रामीण एक समान रेट की मांग को लेकर धरने पर बैठे हुए हैं। शुक्रवार को भी किसान धरने पर डटे रहे। उपायुक्त भी इस दौरान बीबीएन में थे, लेकिन किसानों से नहीं मिले।
संडोली के किसानों का आरोप है कि उनकी जमीन उपजाऊ थी, उन्हें कम और जिनकी जमीन ठीक नहीं थी उन्हें ज्यादा रेट दिया गया है। सराज माजरा की जमीन को 82 लाख रुपये बिस्वा दिया गया है जबकि अन्य लोगों को सात लाख रुपये दिया गया है। इसके अलावा रेलवे की ओर से लाइन के निचली ओर आने वाले लोगों की सिंचाई की कोई सुविधा नहीं है। लाइन बनने से लोग अपने ही खेत में जाने से वंचित हो जाएंगे। इसके लिए भी कोई प्रावधान नहीं किया गया है।
संडोली पंचायत के नंबरदार चरणदास, पूर्व प्रधान रामेश्वर दास, सिमरनजीत सिंह कुंडलस, कालूराम, भूपेंद्र सिंह, मोहनलाल ,सुरेंद्र, सतनाम, सर्वेश, विजय, जसवंत सिंह, बरयाम सिंह, शंकर, संजीव कुमार, रामकुमार, वीरेंद्र, नरेंद्र, हर्ष कृषक मोहन लाल ने कहा कि अगर उनकी मांगे नहीं मानी गई तो आंदोलन जारी रहेगा।