सब्सिडी पर मिलने वाले बीज समय पर उपलब्ध न होने पर किसानों ने कृषि विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर रोष व्यक्त किया। मक्की बीज की आपूर्ति पर्याप्त न होने के कारण किसानों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों का कहना है कि बीज के लिए कई बार कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
वीरवार को किसानों को कार्यालय में बीज उपलब्ध न होने पर विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी शुरू कर दी। उसके बाद कृषि अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति पर काबू पाया और समय पर बीज देने के आश्वासन के बाद प्रदर्शन बंद हुआ। गुस्साए किसानों ने मामले को लेकर एसडीएम नालागढ़ से शिकायत की है।
किसानों में दभोटा पंचायत से संजय कुमार, बुध राम, काशम, ढांग पंचायत से कर्मजीत, कुलदीप सिंह, प्रेम सिंह, पुशपिंदर सिंह, भोगपुर पंचायत से टेक चंद, महिंदर सिंह, बग्गो देवी, किरपालपुर पंचायत से भाग राम, कर्मजीत, रेडू पंचायत से रोशनी देवी, तेजो देवी, रडियाली पंचायत से जीतो देवी, राजो देवी, नरेश कुमार, टिकरी पंचायत से कुलदीप कौर, शीला आदि ने बताया कि वह पिछले चार-पांच दिनों से मक्की बीज लेने के लिए कृषि विभाग में चक्कर लगा रहे है, लेकिन बीज नहीं मिल रहा है।
किसानों ने बताया कि सारा दिन भूखे प्यासे बीज लेने के लिए विभाग के परिसर में बैठे रहते हैं कि उन्हे शायद बीज मिल जाएगा, लेकिन उन्हे बिना बीज के ही घर जाना पड़ रहा है। हालांकि पिछले दिनों मक्की के बीज की सप्लाई कृषि विभाग में पहुंची थी, लेकिन वह अपर्याप्त है।
किसानों का कहना है कि 25 जून को जब कृषि विभाग ने कुछ बीज बांटे, लेकिन महज परिचितों को ही दिया गया। अधिकांश किसान बीज से वंचित रह गए जिसे कारण किसानों में रोष है। किसानों ने वहां पर हंगामा कर विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
पिछले तीन-चार दिनों से बीज न मिलने के कारण किसानों का समूह उपमंडल अधिकारी नालागढ़ हरिकेश मीणा से मिला और आग्रह किया कि बीज का वितरण सही तरीके से करवाया जाए। उधर एसडीएम ने कहा कि जल्द ही विभाग से बात कर उनकी समस्या का हल निकाला जाएगा।