दिल्ली क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई
जींद से गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर परवाणू के खडीन में मारा छापा
कमरे से बरामद हुई पैकिंग मशीन और जीवन रक्षक दवाइयां
ड्रग विभाग की अनुमति बिना चल रहा था गोरखधंधा
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने परवाणू के खडीन में एक कमरे को नकली दवाइयों के गोरखधंधे के चलते सीज दिया। यह कार्रवाई हरियाणा के जींद जिले में पकड़े नकली दवा निर्माण रैकेट की जांच के आधार पर की गई।
दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम ने परवाणू में ड्रग विभाग के निरीक्षक का सहयोग से कार्रवाई की। खडीन स्थित कमरे में छापेमारी के दौरान टीम को पैकेजिंग मशीन और कुछ जीवन रक्षक दवाएं मिलीं। इन्हें कब्जे में ले लिया है। हालांकि, वहां पर दवा निर्माण से जुड़ी कोई मशीन या कच्चा माल नहीं था।
इससे पहले दिल्ली क्राइम ब्रांच ने जींद में एक फर्जी दवा फैक्ट्री पर छापेमारी कर मोहम्मद आलम, मोहम्मद सलीम, परमानंद, मोहम्मद जुबैर, प्रेम शंकर प्रजापति और राजेश मिश्रा को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि उनका परवाणू में भी अड्डा है, जहां से नकली दवाओं की पैकेजिंग होती थी।
ड्रग कंट्रोलर मनीष कपूर ने बताया कि दिल्ली पुलिस की कार्रवाई में ड्रग इंस्पेक्टर परवाणू को साथ लेकर छापा मारा गया। उन्होंने कहा कि इस कमरे के लिए कोई ड्रग लाइसेंस या निर्माण की अनुमति नहीं ली गई थी। फिलहाल कमरा सीज कर दिया है। दिल्ली पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और यदि आगे किसी तरह की जरूरत पड़ी तो ड्रग विभाग सहयोग करता रहेगा।