संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर (सोलन)। ग्राम पंचायत धर्मपुर के पड़ाव में नेत्र जांच शिविर आयोजित हुआ। शिविर में 60 लोगों के नेत्र की जांच की गई। जांच के दौरान 12 लोगों को चश्मे का नंबर दिया। नेत्र की जांच आधुनिक मशीन से की गई। इसी के साथ लोगों को शिविर में गर्मियों के दौरान नेत्र का बचाव करने के बारे में टिप्स दिए। वहीं, मोबाइल के दुष्प्रभावों के बारे में भी जागरूक किया गया। ऑप्टिशियन रजत ने बताया कि धर्मपुर के लोगों को नेत्र जांच के लिए कैंप लगाया गया। उन्होंने लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि आंखों को धूल, मिट्टी और तेज धूप से बचाना जरूरी है। गर्मी में आंखों मे ठंडे पानी के छींटे मारते रहे। इसी के साथ लाली आने की समस्या के बारे में बताया गया। उन्होंने कहा कि अगर आंखों में लाली आए तो तुरंत नेत्र की जांच करवाएं। आंखों में पानी आने या सिर में दर्द रहने पर भी नेत्र की जांच करवाना जरूरी है।