पूर्व सैनिक दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित
120 पूर्व सैनिक और 12 वीर नारियों ने लिया भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। सोलन में पूर्व सैनिक दिवस के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सेवानिवृत्त ले. जनरल प्रदीप खन्ना ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने कहा कि देश सेवा में पूर्व सैनिकों के सर्वोच्च बलिदान के लिए हम सभी उनके आभारी हैं। देश सेवा और मातृभूमि की रक्षा में अपना सर्वोच्च बलिदान देकर पूर्व सैनिकों ने राष्ट्र के गौरवशाली इतिहास में अपना नाम हमेशा के लिए स्वर्ण अक्षरों में अंकित किया है। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए समर्पित रहना एवं वीर सैनिकों की पुनीत स्मृति एवं शौर्य को सदैव नमन करना हम सभी का कर्तव्य है।
सेवानिवृत्त कर्नल सुरेश कुमार अग्निहोत्री ने मुख्यातिथि का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वर्ष 15 जनवरी को पूर्व सैनिक दिवस के अवसर पर वीर शहीदों की वीरता एवं पराक्रम गाथा को याद किया जाता है। इस अवसर पर जिला सोलन की वीर नारियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर भूतपूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना के प्रभारी ले. कर्नल राजपाल रोहील, 5 सिख यूनिट के उप कमान अधिकारी ले. कर्नल वाईके प्रशांत सहित जिले के 120 पूर्व सैनिक और 12 वीर नारियां उपस्थित रहीं।