धुंदन में प्राचीन भंडारा वाली माता में देवी भागवत संपन्न
संवाद न्यूज एजेंसी
दाड़लाघाट (सोलन)। उपमंडल अर्की के प्राचीन भंडारा वाली माता मंदिर धुंदन में नौ दिवसीय देवी भागवत कथा का समापन हो गया। वर्ष 1987 से लगातार हो रहे इस आयोजन का यह 38वां वर्ष रहा। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित हुए।
श्रद्धालु नीलकमल गुप्ता ने कहा कि करीब 800 वर्ष पुराने मंदिर का ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व है। यह क्षेत्र पूर्व में बाघल रियासत का हिस्सा था। भंडारा वाली माता को रियासत की कुलदेवी के रूप में पूजा जाता रहा है। इस बार भी अर्की के राज परिवार की ओर से कुंवर नागेंद्र सिंह और उनकी धर्मपत्नी ने पूर्ण आहुति अर्पित की। कथा वाचक अंकुर शर्मा ने देवी भागवत की कथाओं से धर्म, सदाचार की महत्ता पर प्रकाश डाला। समापन अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य लोग और श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजन समिति के अध्यक्ष कर्म चंद ठाकुर, राजपाल ठाकुर, नीलकमल, नरेंद्र कपिल, यशपाल कंवर, राकेश, गौतम बुद्ध, खेमराज, रूपलाल वर्मा ने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं का आभार जताया।