कोठों स्कूल में 72 लाख से बनेगा भवन, स्वास्थ्य मंत्री ने रखी आधारशिला
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा अधोसंरचना को सुदृढ़ करने के साथ-साथ छात्रों को गुणवत्तायुक्त शिक्षा प्रदान करने के लिए कार्य कर रही है। डॉ. शांडिल बुधवार को सोलन विधानसभा क्षेत्र के कोठों में 72 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के अतिरिक्त भवन की आधारशिला रखने के बाद लोगों को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले स्वास्थ्य मंत्री ने कोठों के 3.50 लाख रुपये की लागत से निर्मित संपर्क मार्ग का लोकार्पण भी किया।
डॉ शांडिल ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा क्षेत्र में गुणात्मक सुधार के लिए इस वर्ष 9560 करोड़ रुपये व्यय करेगी। छात्रों को व्यवसायिक शिक्षा एवं नैतिक मूल्यों का ज्ञान दिया जाना जरूरी है। उन्होंने अध्यापकों से आग्रह किया कि अपने ज्ञान को अद्यतन रखें और यह प्रयास करें कि छात्रों को किताबी शिक्षा के साथ-साथ व्यावहारिक ज्ञान भी दिया दें। उन्होंने कुंदला स्थित प्राचीन शिव मंदिर में पूजा-अर्चना की और वर्षा से क्षतिग्रस्त प्रांगण का निरीक्षण किया।
इस अवसर पर जोगिंद्रा सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, खंड कांग्रेस समिति सोलन के अध्यक्ष संजीव ठाकुर, ग्राम पंचायत कोठों की प्रधान जयवंती ठाकुर, ग्राम पंचायत नौणी के प्रधान मदन हिमाचली, ग्राम पंचायत कोठों के उप प्रधान सुनील ठाकुर, उप मंडलाधिकारी सोलन डॉ. पूनम बंसल, जिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमित रंजन, जल शक्ति विभाग सोलन के अधिशाषी अभियंता सुमित सूद, उप निदेशक उच्च शिक्षा डॉ. जगदीश नेगी, उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा डॉ. शिव कुमार, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोठों की प्रधानाचार्य रितु शर्मा, स्कूल प्रबंधन समिति के प्रधान रमेश ठाकुर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।