राजस्व विभाग की रिपोर्ट के बाद भी एक्साइज विभाग ने नहीं की कोई कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के बरोटीवाला में हिमाचल प्रदेश की सीमा से सटी भूमि पर हरियाणा का एक लाइसेंसी शराब ठेका संचालित हो रहा है। एसडीएम बद्दी के आदेश पर राजस्व विभाग ने निशानदेही की। इसमें पाया गया कि ठेका हिमाचल की जमीन पर है, जिसकी रिपोर्ट आबकारी विभाग को भेजी गई है।
राजस्व विभाग द्वारा स्थिति स्पष्ट किए जाने के बावजूद आबकारी विभाग ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है। इससे विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि ठेका हिमाचल की भूमि पर है, तो प्रदेश सरकार को राजस्व का नुकसान हो रहा है। लोगों ने आरोप लगाया कि समय पर कार्रवाई न होने से सरकारी राजस्व को लगातार हानि हो रही है। राकेश कुमार, जसवीर सिंह, मनदीप सिंह, गुरमेल लंबरदार, सोहन सिंह और मनीष चौधरी समेत सामाजिक संगठनों ने निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की भी मांग की। एसडीएम संजीव धीमान ने बताया कि मामला संज्ञान में आते ही राजस्व विभाग ने रिपोर्ट आबकारी विभाग को सौंपी थी। ठेका हटाने की आगामी कार्रवाई संबंधित विभाग की जिम्मेदारी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि किसी अन्य राज्य का लाइसेंसी शराब ठेका हिमाचल की भूमि पर चलना नियमों का उल्लंघन है। इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। लोगों ने सरकार से राजस्व हानि की भरपाई सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने को भी कहा है।
उधर, एटीसी विनोद डोगरा ने बताया कि राजस्व विभाग की रिपोर्ट उनके पास आई है। इसके बाद हरियाणा राजस्व विभाग और प्रशासन को संयुक्त निशानदेही के लिए पत्र लिखा गया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही संयुक्त निशानदेही के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी। विभाग इस मामले में जल्द कदम उठाने की बात कह रहा है।