मां बगलामुखी गोवंश सेवा समिति के मुख्य द्वार का लोकापर्ण करते हुए। संवाद
स्वास्थ्य मंत्री ने किया गोवंश सेवा समिति के मुख्य द्वार का लोकार्पण
सुरक्षा दीवार के लिए दो लाख रुपये
संवाद न्यूज एजेंसी सोलन। स्वास्थ्य मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि गोवंश की सेवा और कल्याण के लिए सभी का सहयोग जरूरी है। यह बात डॉ. शांडिल ने शनिवार को ममलीग में मां बगलामुखी गोवंश सेवा समिति के मुख्य द्वार का लोकार्पण करने के उपरांत कही। डॉ. शांडिल ने कहा कि ममलीग स्थित मां बगलामुखी गोवंश सेवा समिति, गोवंश के संरक्षण और कल्याण के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि हम सभी को निस्वार्थ सेवा भाव से गोवंश की सेवा करनी चाहिए। स्वास्थ्य मंत्री ने ग्रामीणों से गोवंश को सड़क पर न छोड़ने व उनकी सेवा करने का आग्रह किया। डॉ. शांडिल ने ममलीग गोशाला के पीछे सुरक्षा दीवार निर्माण के लिए पहली किस्त के रूप में 2 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने गोशाला की छत के लिए पहली किस्त के रूप में 3 लाख रुपये और गोशाला से बगलामुखी माता मंदिर तक सड़क निर्माण के लिए पहली किस्त के रूप में एक लाख रुपये देने की घोषणा की। स्वास्थ्य मंत्री ने इस अवसर पर लोगों की समस्याएं सुनी और संबंधित अधिकारियों को इनके शीघ्र निपटारे के निर्देश दिए। इस अवसर पर ग्राम पंचायत ममलीग के प्रधान हरि चंद ठाकुर, ग्राम पंचायत सतड़ोल के प्रधान हरविंदर सिंह, ग्राम पंचायत ममलीग के उपप्रधान संदीप ठाकुर, कांग्रेस पार्टी के संजीव ठाकुर, ग्राम पंचायत ममलीग की पूर्व प्रधान सत्या ठाकुर, उपमंडलाधिकारी कंडाघाट सिद्धार्थ आचार्य, खंड चिकित्सा अधिकारी सायरी डॉ. अजय, नायब तहसीलदार कंडाघाट सुरेंद्र चंदेल, मां बगलामुखी गोवंश सेवा समिति ममलीग के प्रधान बस्ती राम परिहार, उप प्रधान हरीराम गर्ग, सचिव अशोक परिहार, सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।