नवरात्र को लेकर ट्रैफिक पुलिस सूरजपुर ने लिया फैसला,19 से 27 मार्च तक रूट डायवर्जन
संवाद न्यूज एजेंसी
परवाणू (सोलन)। नवरात्र के दौरान कालका स्थित ऐतिहासिक काली माता मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस सूरजपुर ने विशेष यातायात प्रबंधन योजना लागू की है। 19 से 27 मार्च तक चलने वाले इस पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की गई है। ट्रैफिक एसएचओ सूरजपुर अभिषेक के अनुसार मंदिर की ओर जाने वाले मार्गों पर भीड़ नियंत्रण के लिए रूट डायवर्जन लागू किए गए हैं। परवाणू और हिमाचल की ओर जाने वाले भारी वाहन चालकों को कालका बाजार मार्ग से न जाने की सलाह दी गई है। इसके स्थान पर पंचकूला-शिमला बाईपास मार्ग का उपयोग करने को कहा गया है। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे मंदिर तक पैदल पहुंचें या प्रशासन द्वारा उपलब्ध करवाई जा रही मुफ्त ऑटो सेवा का लाभ उठाएं। वहीं, रामबाग रोड से लेकर कालका मंदिर तक ट्रक, ट्रैक्टर-ट्रॉली और अन्य भारी वाहनों की आवाजाही पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।