लघु उद्योग भारती की परवाणू इकाई द्वारा आयोजित पारिवारिक मिलन समारोह में मौजूद उद्योगपति। स्त्रो
परवाणू में पारिवारिक मिलन समारोह में जुटे उद्योगपति
संवाद न्यूज एजेंसी
परवाणू(सोलन)। लघु उद्योग भारती की परवाणू इकाई की ओर से एक स्थानीय निजी होटल में पारिवारिक मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में उद्योग जगत से जुड़े उद्यमियों और उनके परिवारों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। समारोह में मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय संगठन मंत्री प्रकाश चंद ने उद्यमियों को देश के विकास में योगदान देने और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने का मूल मंत्र दिया। मुख्यातिथि प्रकाश चंद ने अपने संबोधन में कहा कि सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग (एमएसएमई) देश की अर्थव्यवस्था की असली रीढ़ हैं। प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर भारत अभियान को सफल बनाने में स्थानीय उद्यमियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि लघु उद्योग भारती लगातार उद्योगों की समस्याओं को सुलझाने और उनके विकास के लिए काम कर रही है। उन्होंने उद्यमियों से नवाचार, गुणवत्ता और प्रतिस्पर्धात्मकता पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया, ताकि संगठित प्रयासों से नई चुनौतियों का सामना किया जा सके। समारोह की अध्यक्षता कर रहे इकाई अध्यक्ष चमन गोयल ने सभी अतिथियों और उद्यमी परिवारों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से संगठन के सदस्यों और उनके परिवारों के बीच आपसी सहयोग, संवाद और आत्मीयता बढ़ती है।