उपनिदेशक कार्यालय के अधीक्षक को पानी की कमी से संबधित ज्ञापन सौंपते लघु उद्योग संघ के पदाधिकारी
लघु उद्योग संघ के पदाधिकारियों ने सौंपा उपनिदेशक को ज्ञापन
विभाग से शीघ्र समाधान करने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। जिला उद्योग केंद्र के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में पानी की कमी का खामियाजा उद्यमियों को भुगतना पड़ रहा है। पिछले लगभग एक माह से बारिश न होने के कारण इस क्षेत्र में पानी की कमी चल रही है। गर्मी से हनुमान चौक पर बने बोरवेल में भूजल स्तर काफी नीचे चला गया है और पानी अब बहुत कम आ रहा है। लघु उद्योग संघ के महासचिव अनिल मलिक की अगुवाई में उद्यमियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने उद्योग विभाग के उप निदेशक को ज्ञापन सौंप कर पेयजल सुचारू करने की मांग रखी।
अनिल मलिक व जगदीप अरोड़ा ने बताया कि पानी की कमी की मार सबसे ज्यादा उन कारखानों पर पड़ रही है जिनका उत्पादन जल पर आधारित है। हनुमान चौक पर जो बोरवेल है उसका भू जल का स्तर काफी नीचे चला गया है। इसलिए वहां पर एक नए बोरवेल की जरूरत है।
पानी की कमी का एक कारण यह भी बताया गया कि उद्योग विभाग ने कुछ परिवारों को तीन चार दशक पहले कनेक्शन दिए थे। अब कुछ लोगों ने अपने किराएदार भी रख लिए हैं। न तो ग्रामीण बिल देते हैं और न ही किराएदार, जबकि उद्योग जगत पानी की कमी से जूझ रहा है। वहीं दूसरी ओर कुछ उद्यमियों ने लिफि्टंग पंप लगा रखे हैं जिससे दूसरे उद्यमियों को पानी नहीं मिलता।
उधर, उद्योग विभाग के उप निदेशक योगेश गुप्ता ने बताया कि उद्यमियों की पानी की कमी की शिकायत आई थी। उस पर यथासंभव प्रयत्न करके पानी की कमी को दूर किया जाएगा।