फाइनल में चंडीगढ़ के अमित को दी पटकनी
विधायक पहलवानों को बांटे पुरस्कार
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। निचली भाटियां में दंगल का आयोजन किया गया। इसमें रेलवे पुलिस के पहलवान विक्की ने बड़ी माली जीती। उन्होंने फाइनल में चंडीगढ़ के अमित को पराजित किया। दंगल देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
प्रतियोगिता में हिमाचल, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के नामी पहलवानों ने ग्रामवासियों का मनोरंजन किया। लखदाता के नाम पर निचली भाटियां के खेल मैदान में आयोजित यह दंगल दोपहर दो बजे से शुरू होकर शाम सात बजे तक चला। प्रतियोगिता का शुभारंभ समाजसेवी हरप्रीत सैणी ने जबकि समापन विधायक हरदीप बावा ने किया।
बावा ने दोनों पहलवानों को 25-25 हजार रुपये नकद राशि और ट्रॉफी प्रदान की। इस मौके पर विधायक ने पांच लाख रुपये जिम के लिए कमरा तैयार करने और तीन लाख रुपये श्मशानघाट के लिए अनुदान के रूप में दिए। इस अवसर पर ट्रक यूनियन के पूर्व प्रधान सरदार चनन सिंह, पंचायत प्रधान सरदार नसीब सिंह, बीडीसी चरण सिंह, पूर्व बीडीसी राज कुमार, पूर्व उप प्रधान त्रिलोक सिंह, शमशेर सिंह, इंद्रजीत सिंह, राजीव सैणी, सुरेंद्र सेवादार, पंचायत सचिव विक्की, भजन सिंह सहित पूरी पंचायत के लोग उपस्थित रहे।