संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। सामुदायिक भवन हाउसिंग बोर्ड बद्दी में सम्राट अशोक की 2369वीं जयंती मनाई गई। इस कार्यक्रम का आयोजन सम्राट अशोक क्लब बद्दी शाखा की ओर से किया गया। इसमें बीबीएन क्षेत्र सहित पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली से आए सैकड़ों लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्यातिथि नगर परिषद बद्दी के अध्यक्ष सुरजीत चौधरी रहे। वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता रमेश यादव एवं हिमाचल प्रभारी राम नारायण मौर्य ने की। मुख्य वक्ता के तौर पर अपर आयुक्त सेवानिवृत्त हरियाणा सरकार सतवीर सिंह सैनी उपस्थित हुए। उन्होंने अपने वक्तव्य में कहा कि अशोक का जन्म पाटलिपुत्र (वर्तमान पटना) में हुआ था। सम्राट अशोक ने अपने शासनकाल के 9वें वर्ष में कलिंग पर विजय प्राप्त की और करीब पूरे भारतीय उपमहाद्वीप को एक सरकार के तहत जोड़ दिया। अशोक ने धर्म की एक केंद्रीकृत नीति के माध्यम से विशाल और विविधतापूर्ण मौर्य साम्राज्य पर शासन किया। अशोक ने अहिंसा की अवधारणा की शुरुआत की और सार्वजनिक कार्यों और सामाजिक कल्याण का कुशल प्रबंधन किया। श्रीहरि ओम योग सोसायटी के अध्यक्ष डॉ. श्रीकांत शर्मा ने कहा कि सम्राट अशोक की जयंती बद्दी में मनाने के लिए आयोजकों को बहुत शुभकामनाएं। कहा कि अशोक द्वारा लिखे गए शिलालेख आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। इस अवसर पर चंडीगढ़ मौर्य महासभा के अध्यक्ष राजेश मौर्य, चंडीगढ़ हाई कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता आरएन मौर्य, शारदा प्रसाद, लुधियाना मौर्य महासभा के प्रधान विजय मौर्य, सम्राट अशोक क्लब लुधियाना आरएस मौर्य, शशिकांत मौर्य आदि अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।