बैठक में नहीं पहुंचा एक भी सदस्य, अधिकारी करते रहे इंतजार
संवाद न्यूज एजेंसी
अर्की (सोलन)। एसडीएम कार्यालय अर्की के सभागार में सोमवार को बीडीसी के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष चुनाव की प्रक्रिया एक बार फिर अधर में लटक गई। चुनाव प्रक्रिया में भाग लेने के लिए 23 निर्वाचित सदस्यों में से एक भी सदस्य बैठक में उपस्थित नहीं हुआ।
निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम अर्की निशांत तोमर की ओर से चुनाव को लेकर सुबह 11:00 बजे बैठक तय की गई थी। प्रशासन द्वारा चुनावी प्रक्रिया की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। लेकिन बैठक में सदस्यों के न पहुंचने पर एसडीएम निशांत तोमर, बीडीओ तन्मय कंवर सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी करीब दो घंटे तक सभागार में बीडीसी सदस्यों का इंतजार करते रहे। उल्लेखनीय है कि 31 मई को पंचायती राज चुनावों के तहत 23 सदस्यों ने जीत हासिल की थी। इसके बाद से ही अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद की कुर्सी को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई थीं। इस दौरान कांग्रेस और भाजपा दोनों ही दल अपना अध्यक्ष व उपाध्यक्ष बनाने का दावा कर रहे हैं। हालांकि, चुनाव के ढाई महीने बाद बुलाई गई इस बैठक से सभी सदस्यों ने दूरी बनाए रखी।
निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम अर्की निशांत तोमर ने बताया कि चुनाव को लेकर सभी निर्वाचित सदस्यों को समय पर सूचना भेज दी गई थी लेकिन बैठक में कोई भी सदस्य उपस्थित नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि अध्यक्ष व उपाध्यक्ष चुनाव की आगामी तिथि जल्द ही तय कर सभी सदस्यों को सूचित कर दिया जाएगा।