खंभे पर चढ़ बिजली ठीक कर रहा था कर्मी, लगा करंट
कांगड़ा जिले के गंगथ का रहने वाले था प्रवीण कुमार
संवाद न्यूज एजेंसी
चायल (सोलन)। चायल विद्युत सेक्शन के तहत नगाली क्षेत्र में वीरवार सुबह माड़ी जुब्बड़ नामक स्थान पर बिजली की लाइन ठीक करते समय 36 वर्षीय कर्मचारी प्रवीण कुमार की करंट लगने से मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार यह घटना वीरवार सुबह उस समय हुई, जब प्रवीण कुछ अन्य कर्मचारियों के साथ बाधित लाइन को ठीक करने गए थे। बिजली के खंभे पर चढ़े ही थे कि करंट लग गया। करंट लगने के बाद प्रवीण खंभे से नीचे गिर गए। सहकर्मियों और आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत सिविल अस्पताल चायल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने प्रवीण कुमार को मृत घोषित कर दिया। प्रवीण कुमार कांगड़ा जिले के गंगथ के रहने वाले थे। कंडाघाट विद्युत उपमंडल के तहत चायल सेक्शन में कार्यरत थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस चौकी चायल के अधिकारी सिविल अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों के पहुंचने के बाद पुलिस पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करेगी। सोलन के पुलिस अधीक्षक टी साई वर्मा ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। उधर,बिजली बोर्ड सोलन के अधिशासी अभियंता राहुल ने कहा कि चायल में हुई अस्सिटेंट लाइनमैन प्रवीण की मौत के मामले में सर्किल स्तर पर एक जांच कमेटी बना दी गई है। वह खुद मौके पर गए थे। रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के असल कारणों का पता चल सकेगा। घटना दुखद है। बोर्ड की पूरी संवेदना पीड़ित परिवार के साथ है।