सोलन के पुराने उपायुक्त कार्यालय में आयोजित जिला पेंशनर संघ की मासिक बैठक के दौरान मौजूद पेंशनर
- फोटो : Archive
सोलन में पेंशनरों का बैठक में छलका दर्द, कहा- तीन सालों से अटके बिल
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। पुराने उपायुक्त कार्यालय सोलन में सोमवार को जिला पेंशनर संघ की मासिक बैठक का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष सुंदर सिंह ठाकुर ने की। इस दौरान पेंशनराें ने एक बार फिर तीन सालों से मेडिकल बिलों के भुगतान न होने का मुद्दा उठाया। पेंशनरों ने बताया कि सालों से मेडिकल बिलों के भुगतान न होने के कारण अब बीमार होने पर दिक्कतें आ रही है। वहीं मौसम खराब होने के कारण अब बीमार होने का खतरा और बढ़ गया है। पेंशनरों ने सरकार से नाराजगी जताते हुए कहा कि सालों से बुजुर्ग पेंशनर मेडिकल बिलों के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन इसका कोई फायदा नहीं हो रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की कि सभी पेंशनरों के अटके हुए बिलों का भुगतान जल्द से जल्द किया जाना चाहिए। कहा कि 1 जनवरी 2016 से संशोधित वेतन मान का पेंशन वेतन का भी भुगतान किया जाए। इसके अलावा उन्होंने मांग उठाई कि सरकार को जल्द ही जेसीसी की बैठक बुलानी चाहिए और पेंशनरों की सभी समस्याओं को सुन कर उनका समाधान निकालना चाहिए। बैठक में आरके पठानिया, विद्यासागर, केएन ओझा, ललित दुल्टा, प्रवेश पराशर, खेम सिंह ठाकुर, एसएल वर्मा, जीतराम सहित कई पेंशनर मौजूद रहे।