खेड़ा नानोवाल में शौचालय, स्कूल में मिड डे मिल शेड का किया लोकापर्ण
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने कहा कि शिक्षा, जल संरक्षण तथा बाल विकास के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयास ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र एवं सतत विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वह नालागढ़ में आईटीसी लिमिटेड की ओर से कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व पहल के तहत विकसित विभिन्न जनकल्याणकारी परियोजनाओं का लोकार्पण करने के बाद बोल रहे थे। मनमोहन शर्मा ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला खेड़ा नोनोवाल में भवन के सुंदरीकरण एवं नव-निर्मित शौचालय तथा राजकीय प्राथमिक पाठशाला बागवाला बेरसन पंगा में भवन के सुंदरीकरण एवं मिड-डे मील शेड का लोकार्पण किया। उन्होंने ग्राम नोनोवाल में निर्मित अर्थन डैम तथा खेड़ा चक्क-2 आंगनबाड़ी केंद्र में निर्मित सुरक्षा दीवार, शौचालय एवं भवन के नवीनीकरण कार्य का भी लोकार्पण किया।
मनमोहन शर्मा ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक अधोसंरचना, स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण तथा जल संरक्षण से जुड़ी परियोजनाएं बच्चों के बेहतर भविष्य और ग्रामीण समुदाय के सतत विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने आईटीसी लिमिटेड ने सीएसआर के माध्यम से शिक्षा, महिला एवं बाल विकास तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासन एवं निजी क्षेत्र के सहयोग से विकास कार्यों को नई गति मिल रही है।
उपायुक्त ने इस अवसर पर मदर्स लाइब्रेरी किट का वितरण किया, उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया तथा कौशल विकास प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए। उन्होंने आईटीसी लिमिटेड की ओर से संचालित विभिन्न विकासात्मक गतिविधियों पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। इस अवसर पर उप-जिलाधिकारी नरेंद्र आहलूवालिया, विभिन्न विभागों के अधिकारी, आईटीसी लिमिटेड के प्रतिनिधि, विद्यालयों के शिक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।